Delhi Health Department: दिल्ली सरकार ने डीएचएस डॉ. वत्सला अग्रवाल का किया तबादला
जेपीसीएच के मेडिकल सुपरिटेंडेंट को मिला अतिरिक्त प्रभार, स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग में गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक (डीएचएस) डॉ. वत्सला अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया। फिलहाल उन्हें ‘अवेटिंग पोस्टिंग’ पर रखा गया है, यानी उनकी नई नियुक्ति अभी तय नहीं की गई है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसीएच) के मेडिकल सुपरिटेंडेंट को अगले आदेश तक डीएचएस का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विभाग ने डॉ. वत्सला अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से कार्यभार सौंपने और रिपोर्ट करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में हुए इस अचानक बदलाव को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डीएचएस का पद दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे में बेहद अहम भूमिका निभाता है। इस पद के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों, डिस्पेंसरी सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी की जिम्मेदारी होती है।
हालांकि सरकार की ओर से तबादले के पीछे किसी विशेष कारण का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह आदेश स्वास्थ्य विभाग के उप सचिव (एचआर-मेडिकल) शरत कुमार द्वारा जारी किया गया।



