Greater Noida: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर सीएफआई का प्रदर्शन, ग्रामीण समस्याओं के समाधान की मांग

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर सीएफआई का प्रदर्शन, ग्रामीण समस्याओं के समाधान की मांग
नोएडा। करप्शन फ्री इंडिया (CFI) संगठन ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण परिसर में प्रदर्शन कर विभिन्न गांवों और सेक्टरों की मूलभूत समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के जिला सचिव रिंकू बैसला ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के कई गांव और सेक्टर लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान बरसात, बिसायचपुर, झालडा, तालडा, कनारसी, डाढा, चूहड़पुर खादर और सेक्टर एक्सयू-3 की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने विशेष रूप से बरसात गांव के मुख्य रास्ते का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य के दोनों तरफ इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
संगठन ने गांवों में टूटी सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने, श्मशान घाटों की स्थिति सुधारने और गंदगी की समस्या खत्म करने की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
प्रदर्शन में विजेंद्र सिंह नागर, धर्मेंद्र भाटी, रविंद्र नागर, श्याम सुंदर, रोहतास नागर, प्रताप नागर, सुरेंद्र सिंह, मूलचंद शर्मा, बॉबी गुर्जर और राकेश बंसल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





