उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Doctor Death: नोएडा की सोसाइटी में कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर संदिग्ध हालात में मृत मिले, हार्ट अटैक की आशंका

Noida Doctor Death: नोएडा की सोसाइटी में कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर संदिग्ध हालात में मृत मिले, हार्ट अटैक की आशंका

नोएडा के सेक्टर-108 स्थित पार्क्स लॉरिएट सोसाइटी में बुधवार सुबह एक कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर अपने फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए। सूचना मिलने पर सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 45 वर्षीय डॉ. सैयद असीम रिजवी के रूप में हुई है, जो सोसाइटी के टावर-एम स्थित फ्लैट नंबर-6131 में अकेले रहते थे। बुधवार सुबह उनके परिजन जम्मू से लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन डॉक्टर फोन रिसीव नहीं कर रहे थे। इसके बाद परिजनों की सूचना पर सोसाइटी के गार्ड, ड्राइवर और पड़ोसियों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

फ्लैट के कमरे में डॉक्टर बेड के नीचे पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत सेक्टर-110 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस की फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में सामने आया है कि डॉ. रिजवी कैंसर विशेषज्ञ थे और उन्हें पहले भी हार्ट अटैक आ चुका था। वह शादीशुदा थे, लेकिन उनका तलाक हो चुका था और पिछले कुछ समय से अकेले रह रहे थे।

पुलिस ने घटना की जानकारी जम्मू में रहने वाले उनके परिजनों को दे दी है। परिजनों के आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यदि परिजन कोई शिकायत दर्ज कराते हैं तो मामले की आगे जांच की जाएगी।

Related Articles

Back to top button