राज्यउत्तर प्रदेश

Noida: निर्माण कार्यों में गड़बड़ी के आरोप पर ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

Noida: निर्माण कार्यों में गड़बड़ी के आरोप पर ग्राम पंचायत सचिव को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

नोएडा के गांव कैमराला चक्रसैनपुर में विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने निर्माण और मरम्मत कार्यों में सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत मिलने के बाद तीन दिन के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

जिला पंचायत राज अधिकारी नेहा सिंह द्वारा जारी नोटिस में ग्राम पंचायत सचिव प्रियांक से जवाब मांगा गया है। नोटिस के अनुसार, सूरजपुर न्यायालय परिसर स्थित चैंबर नंबर-570 में कार्यरत अधिवक्ता श्याम सिंह भाटी ने 7 मई को मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर को शिकायत पत्र सौंपा था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वित्तीय वर्ष 2021 से 2026 के बीच ग्राम पंचायत कैमराला चक्रसैनपुर में नल, रिबोर, लाइट मरम्मत और नल मरम्मत के नाम पर करीब 50 लाख रुपये की सरकारी राशि अनियमित तरीके से खर्च की गई।

शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मुख्य भूमिका होने का आरोप लगाया है। जांच के दौरान ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज जानकारी में बड़ी संख्या में नल रिबोर और मरम्मत कार्य दिखाए गए, जो प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुए।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में मात्र आठ से दस सरकारी नल मौजूद हैं। ऐसे में मरम्मत और रिबोर कार्यों पर इतनी बड़ी धनराशि खर्च होना सवाल खड़े कर रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्ट और प्रमाणित जवाब प्रस्तुत किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button