राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले पर हापुड़ पुलिस ने लागू किया डायवर्जन प्लान, 23 से 26 मई तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

Hapur : ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक डायवर्जन प्लान लागू किया है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि 23 मई 2026 सुबह आठ बजे से 26 मई 2026 रात्रि 12 बजे तक भारी और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन को लेकर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि गंगा दशहरा के दौरान ब्रजघाट और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी डायवर्जन किया जाएगा और अधिक भीड़ अथवा जाम की स्थिति में कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।

डायवर्जन प्लान के अनुसार दिल्ली और गाजियाबाद से मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मसूरी, धौलाना और गुलावठी होते हुए बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, डिबाई और चंदौसी मार्ग से होकर भेजा जाएगा। वहीं छिजारसी की ओर से आने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा।

हापुड़ से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन सोना पेट्रोल पंप के सामने से गुलावठी होकर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, डिबाई और चंदौसी के रास्ते जाएंगे। इसके अलावा गजरौला, अमरोहा और मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को खुडलिया अंडरपास से यू-टर्न लेकर गंगा एक्सप्रेस-वे होते हुए हसनपुर गंवा कट से निकाला जाएगा।

मेरठ और मवाना क्षेत्र से मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन गजरौला, हसनपुर और गंगा एक्सप्रेस-वे मार्ग का उपयोग करेंगे। वहीं मुरादाबाद से दिल्ली और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को चंदौसी, गुन्नौर, नरौरा, डिबाई और बुलंदशहर मार्ग से भेजा जाएगा।

गजरौला चौपला से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों के लिए मंडी धनौरा, चांदपुर, हल्दौर, बिजनौर बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ और मोदीनगर होकर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त अमरोहा और गजरौला से हापुड़ तथा गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को गंगा एक्सप्रेस-वे मार्ग से निकाला जाएगा। संभल से दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले भारी वाहनों को अनुपशहर और बुलंदशहर के रास्ते भेजा जाएगा।

साथ ही संभल गंवा रोड कट से गंगा एक्सप्रेस-वे होकर खुडलिया कट सिंभावली मार्ग का भी उपयोग कराया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वह निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button