Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट के लिए शुरू होंगी ई-बसें! 15 जून से चार रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट के लिए शुरू होंगी ई-बसें! 15 जून से चार रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू होने के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू की जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। योजना के मुताबिक 15 जून से एयरपोर्ट को जोड़ने वाले चार प्रमुख रूटों पर 15 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में काफी आसानी होगी और ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच आवागमन भी बेहतर हो जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार शुरुआती चरण में चार मार्गों पर ई-बसें चलाई जाएंगी। एक महीने तक इन बसों का परीक्षण किया जाएगा और यात्रियों की संख्या व जरूरत को देखते हुए बाद में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। एयरपोर्ट से उड़ानों का शेड्यूल तय होने के बाद बसों का टाइम टेबल भी उसी हिसाब से तैयार किया जाएगा ताकि यात्रियों को समय पर एयरपोर्ट पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
अधिकारियों ने बताया कि व्यस्त समय के दौरान बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग सुविधा का लाभ उठा सकें। ई-बसों के संचालन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग को सौंपी जाएगी। इस संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत पूरी हो चुकी है।
इसके साथ ही शहर में पहले से बने बस शेल्टरों को भी आधुनिक रूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बस स्टॉप पर यात्रियों के बैठने, रोशनी और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा ताकि सार्वजनिक परिवहन को और आकर्षक बनाया जा सके।
प्राधिकरण का मानना है कि इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से ट्रैफिक दबाव कम होगा और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा। साथ ही नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए लोगों को निजी वाहनों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से पूरे क्षेत्र में तेजी से बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। सड़क, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और हरियाली जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
