Uttar Pradesh : हापुड़ में शहीद मेले का शुभारंभ, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

Hapur News : हापुड़ में दस मई क्रांति दिवस (शहीद दिवस) के अवसर पर परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले एक माह के शहीद मेले का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक विजयपाल आढ़ती एवं स्वाधीनता संग्राम शहीद स्मारक समिति (पंजी.) के पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ज्ञात और अज्ञात शहीदों की स्मृति में पूरे भारतवर्ष में इस प्रकार का एक माह तक चलने वाला मेला केवल हापुड़ में आयोजित किया जाता है। यह परंपरा दशकों से लगातार निभाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत मेरठ से हुई थी, जिसमें हापुड़ के वीर जवानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश के लिए शहादत दी। उन्हीं वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा नई पीढ़ी को उनके बलिदान से परिचित कराने के उद्देश्य से हर वर्ष शहीद मेले का आयोजन किया जाता है।
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं, वहीं चाट-पकौड़ी समेत खानपान की अनेक दुकानें भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे लोगों को मनोरंजन के साथ देशभक्ति का संदेश भी मिलेगा।





