दिल्ली

Delhi Murder: न्यू उस्मानपुर में 15 वर्षीय किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार

Delhi Murder: न्यू उस्मानपुर में 15 वर्षीय किशोर की चाकू घोंपकर हत्या, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार

रिपोर्ट: रवि डालमिया

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गौतम विहार इलाके में 15 वर्षीय किशोर अय्यान की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया है और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे गौतम विहार इलाके में अय्यान नाम के किशोर पर अचानक हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उस पर चाकू से कई ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, 9 मई 2026 की देर शाम जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली थी कि चाकूबाजी में घायल एक किशोर को अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां परिवार के सदस्य घायल अय्यान को लेकर आए थे। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद न्यू उस्मानपुर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 290/26 दर्ज की गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ताकि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके।

एसएचओ राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर हत्या में शामिल 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक अय्यान के साथ उसका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने चाकू मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में आरोपी के साथ कोई और शामिल था या नहीं। इलाके में हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है।

 

Seelampur Murder Case: दिल्ली के सीलमपुर में चाय पी रहे बुजुर्ग की चाकू से हत्या, आरोपी भी घायल

Related Articles

Back to top button