राज्यउत्तर प्रदेश

Noida bike theft gang: स्पोर्ट्स बाइक चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो नाबालिग समेत चार बदमाश गिरफ्तार

Noida bike theft gang: स्पोर्ट्स बाइक चुराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो नाबालिग समेत चार बदमाश गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों सहित चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। सेक्टर-39 और सेक्टर-58 थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी की बाइक और चार अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों से 50 से अधिक बाइक चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पुराने मामलों की जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तार नाबालिगों को बाल संरक्षण नियमों के तहत अभिरक्षा में लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

Praveen Kumar Singh ने बताया कि सेक्टर-39 थाना पुलिस सेक्टर-37 क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि स्टेलर पार्क के पास दो संदिग्ध युवक चोरी की बाइक के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से दो चाकू बरामद हुए। पुलिस ने बाइक नंबर की जांच की तो वह दिल्ली के गाजीपुर मंडी क्षेत्र से चोरी की निकली। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कई और वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर स्टेलर पार्क के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गईं।

बरामद बाइकों में स्प्लेंडर, टीवीएस स्पोर्ट और यामाहा जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कुछ बाइकों पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी ताकि पहचान छिपाई जा सके। आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली और नोएडा के अलग-अलग इलाकों में रेकी कर सुनसान स्थानों और बाजारों के बाहर खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद बाइकों को कुछ दिनों तक झाड़ियों या खाली स्थानों में छिपाकर रखा जाता था और बाद में कम कीमत पर बेच दिया जाता था।

वहीं दूसरी ओर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने भी वाहन चोरी गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस सेक्टर-62 स्थित डी-पार्क के पास वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान सन्नी और अजय के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से चाकू बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि जिस बाइक पर वे सवार थे, वह सेक्टर-69 क्षेत्र से चोरी की गई थी। जांच में पता चला कि बाइक थाना फेस-3 क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले से जुड़ी हुई है।

आरोपियों ने बताया कि पुलिस की सख्ती बढ़ने के कारण वे लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइकों को किन लोगों को बेचा जाता था और गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है।

दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button