Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्रीगंज रोड स्थित एक मोहल्ले में झोपड़ी में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने मोहल्ले के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपी बहादुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मोहल्ले में झुग्गी झोपड़ी में रहता है। सात मई की सुबह करीब आठ बजे उसकी पत्नी झोपड़ी में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का ही बहादुर जबरन झोपड़ी में घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ करते हुए अभद्रता की। शोर मचाने पर आसपास के लोग महिला को बचाने के लिए मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को देखकर आरोपी ने उनके साथ भी गाली गलौज की।
इसके बाद आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। घर लौटने पर पत्नी ने पति को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस से शिकायत की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी बहादुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





