राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या का प्रयास, पति समेत आठ पर मुकदमा दर्ज

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग पूरी न करने पर गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

विवाहिता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 13 नवंबर 2024 को उसकी शादी सन्नी त्यागी उर्फ लवी त्यागी निवासी दिल्ली के साथ हुई थी। मायके वालों ने शादी में करीब 35 लाख रुपये खर्च किए। शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति सन्नी त्यागी, ससुर राजकुमार त्यागी, सास पूनम त्यागी, ननद रशिका, ननदोई आकाश, जेठ अंकुर, संगीता और नानकचंद दहेज से नाखुश थे।

आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज में स्कार्पियो कार और पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर उत्पीड़न करने लगा। 23 सितंबर 2025 की सुबह करीब आठ बजे आरोपियों ने विवाहिता को बेरहमी से पीटा। पति ने गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया। विवाहिता का आरोप है कि जेठ अंकुर ने गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की।

तीन अक्तूबर 2025 को आरोपियों ने फिर से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपियों ने मरणासन्न अवस्था में कार में डालकर उसे मायके में घर के बाहर छोड़ दिया और फरार हो गए।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button