Noida Airport: एयरपोर्ट तक चलेंगी 5 हाइड्रोजन बसें, दिल्ली-नोएडा से कनेक्टिविटी होगी और बेहतर

Noida Airport : एयरपोर्ट तक चलेंगी 5 हाइड्रोजन बसें, दिल्ली-नोएडा से कनेक्टिविटी होगी और बेहतर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर एक बड़ा परिवहन अपडेट सामने आया है। एयरपोर्ट तक यात्रियों की सुविधा के लिए पांच हाइड्रोजन बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। इन बसों के संचालन को लेकर यूपी रोडवेज ने एक जून से सेवा शुरू करने पर सहमति भी दे दी है। इस कदम से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
योजना के अनुसार ये हाइड्रोजन बसें एयरपोर्ट से कई प्रमुख स्थानों तक चलेंगी, जिनमें ग्रेटर नोएडा का परी चौक, नोएडा का बॉटनिकल गार्डन, सिटी सेंटर और दिल्ली के मयूर विहार व अक्षरधाम शामिल हैं। इससे एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को सीधा और पर्यावरण अनुकूल परिवहन विकल्प मिलेगा।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना को लेकर यूपी रोडवेज के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में एआरएम एमके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान बसों के रूट, संचालन व्यवस्था और समय-सारिणी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यूपी रोडवेज ने हाइड्रोजन बसों के संचालन पर सहमति जताई है। ये बसें नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) द्वारा उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रत्येक बस में लगभग 45 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। सबसे खास बात यह है कि ये बसें हाइड्रोजन फ्यूल पर चलेंगी और केवल पानी की भाप उत्सर्जित करेंगी, जिससे यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था होगी।
अधिकारियों के अनुसार एक बार हाइड्रोजन भरने पर ये बसें लगभग 600 किलोमीटर तक चल सकेंगी। इससे न केवल यात्रियों को लंबी दूरी की परेशानी से राहत मिलेगी, बल्कि प्रदूषण कम करने की दिशा में भी यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इस योजना को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ क्षेत्रीय सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि इससे दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन ट्रांसपोर्ट सिस्टम को भी बढ़ावा मिलेगा।





