उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : बुलंदशहर में कांग्रेस की ‘किसान-नौजवान बचाओ यात्रा’ का भव्य स्वागत

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : मेरठ से चलकर बुलंदशहर पहुंची कांग्रेस की “किसान-नौजवान बचाओ यात्रा” का गुरुवार को खुर्जा में भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने यूपी प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु छिब और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल का जोरदार स्वागत किया। यात्रा में पहुंचे नेताओं पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उत्साह व्यक्त किया।

राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर किसानों और नौजवानों को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए परेशान है और किसान बदहाल हैं, जबकि सरकार धर्म और जाति की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते हत्या, लूट और डकैती के मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गांधीवादी विचारधारा और भाईचारे को कायम रखने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु छिब ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री में झूठ बोलने की होड़ लगी हुई है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का परचम लहराएगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि भाजपा के खिलाफ सिर्फ कांग्रेस ही मजबूती से लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकल्प केवल कांग्रेस है और संविधान व लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना आवश्यक है।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, राष्ट्रीय सचिव विशाल चौधरी, कांग्रेस नेता भजनलाल विमल, इसराइल गहलोत और गौरव जयराम ने अतिथियों को हल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, शिवराम बाल्मीकि, अमित जाटव, अजय छोकर, ऋषि गौतम, धर्मेंद्र महावर, डॉ. शोएब, उम्मेद सूर्यवंशी, नईम मंसूरी, राजकुमार पंडित, डॉ. इरफान, साजिद चौधरी, चंद्रपाल सिंह, नवाब खान, सुरेंद्र राघव, सगीर अहमद, नरेश बाल्मीकि, नरेंद्र चौधरी, फहीमुद्दीन, मुनीत चौधरी, इमरान फरीदी, हर्षित शर्मा, दिनेश शर्मा और नितिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button