उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : डीएम कविता मीणा का औचक निरीक्षण, अस्पताल की बदहाल व्यवस्था और गेहूं खरीद की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी

Hapur News : हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीणा ने मंगलवार को जिला अस्पताल और नवीन मंडी स्थित गेहूं खरीद केंद्र का अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में फैली गंदगी और अन्य अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई, वहीं गेहूं खरीद की धीमी गति पर भी असंतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां परिसर में गंदगी देखकर उनका मिजाज बिगड़ गया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तुरंत व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश दिए। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। मरीजों ने मच्छरों की बढ़ती समस्या की शिकायत की, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई दुरुस्त करने, नियमित फॉगिंग कराने और कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लगे वाटर कूलर की खराब स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल इलाज का केंद्र है, यहां किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अस्पताल के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी नवीन मंडी स्थित गेहूं खरीद केंद्र पहुंचीं। वहां उन्होंने खरीद की धीमी प्रगति और खरीदे गए गेहूं के समय पर उठान न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीआरएमओ को तत्काल व्यवस्था सुधारने और खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि खरीद केंद्रों पर किसानों को सुविधाजनक माहौल मिले और वे आसानी से अपना गेहूं बेच सकें।

Related Articles

Back to top button