Noida Firing Incident: साइड न देने पर ट्रक चालक पर कार सवारों ने की फायरिंग, गोली ट्रक की खिड़की में लगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Noida Firing Incident: साइड न देने पर ट्रक चालक पर कार सवारों ने की फायरिंग, गोली ट्रक की खिड़की में लगी, दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में दस्तमपुर गांव के पास बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सड़क पर साइड न देने को लेकर हुए विवाद में कार सवार युवकों ने ट्रक चालक पर फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि गोली सीधे चालक को नहीं लगी और ट्रक की खिड़की में जा लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक अपने वाहन से जा रहा था तभी कार सवार युवकों से उसका रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने गुस्से में आकर तमंचे से फायर कर दिया।
फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी युवक धमकी देकर वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निगम (निवासी थोरा, जेवर) और मनीष (निवासी बादशाहपुर पचगई, जिला बुलंदशहर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार और एक तमंचा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मनीष के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर मामूली विवाद को लेकर की गई यह फायरिंग बेहद गंभीर मामला है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय यह घटना हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने पुलिस से ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

