उत्तर प्रदेश : तेज रफ्तार कार पर युवकों का खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में बुलंदशहर रोड स्थित एक विवाह मंडप के बाहर कार सवार युवकों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ युवक चलती कार की छत और बोनट पर चढ़कर स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे सड़क पर गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यह वीडियो बुलंदशहर रोड पर स्थित एक विवाह मंडप के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में एक कार तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती दिखाई दे रही है, जबकि उस पर सवार युवक लापरवाही से स्टंट कर रहे हैं। इस तरह की हरकत न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है बल्कि इससे किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है ताकि संबंधित युवकों तक पहुंचा जा सके। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और कार का नंबर पता लगाने की कोशिश जारी है। नंबर मिलते ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



