उत्तर प्रदेशराज्य

Noida Hit and Run: तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला पुलिसकर्मी गंभीर घायल, आरोपी फरार

Noida Hit and Run: तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला पुलिसकर्मी गंभीर घायल, आरोपी फरार

नोएडा के सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक महिला पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा देर रात हुआ, जब स्कूटी सवार सिपाही ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।

पीड़िता कोमल, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में तैनात हैं, को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पति प्रभाष सिंह ने थाना सेक्टर-113 में इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, 20 मार्च की रात करीब 1:42 बजे सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन से पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कोमल स्कूटी से उछलकर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

डॉक्टरों के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी की कॉलर बोन टूट गई है और सिर में खून के थक्के जम गए थे, जिसके चलते उनका ऑपरेशन किया गया है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक और वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button