उत्तर प्रदेश : हापुड़ में नेशनल हाईवे-9 पर भीषण सड़क हादसा, दिल्ली की युवती की मौत, CCTV वीडियो वायरल

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-9 पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दिल्ली की एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कुचेसर रोड चौपला के पास बने नए बाईपास पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलटती हुई सड़क किनारे खड़ी अन्य गाड़ियों से जा भिड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के द्वारका सेक्टर-06 निवासी निधि कमाल अपनी कार से अल्मोड़ा की ओर जा रही थीं। जैसे ही उनकी कार बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर चौपला स्थित सूर्य शिवा ढाबे के पास पहुंची, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का टायर फट गया और वाहन हवा में उछलते हुए कई बार पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवती गंभीर रूप से फंस गई। पास में मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन टक्कर की भयावहता के कारण युवती को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस पूरी घटना का दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलटती है और दूसरी गाड़ियों से जा टकराती है। हादसे के दौरान ढाबे पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक गुजरात के राजकोट निवासी कुछ लोग नैनीताल के कैची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे और ढाबे पर रुके हुए थे। वे जैसे ही अपनी गाड़ियों की ओर लौटे, तभी यह हादसा हुआ। कुछ सेकंड की देरी ने उनकी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सिखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में कार का टायर फटना हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।





