MNC में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, बिसरख पुलिस ने फर्जी जॉब रैकेट का किया पर्दाफाश

MNC में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, बिसरख पुलिस ने फर्जी जॉब रैकेट का किया पर्दाफाश
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पुलिस ने MNC कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक सीपीयू, मॉनीटर, की-बोर्ड, माउस, विभिन्न कंपनियों के छह फर्जी जॉब ऑफर लेटर, तीन मोबाइल फोन और 7600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास डाबर, अरुण कुमार और वैभव कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि ये लोग नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों में मोटे पैकेज की नौकरी दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद वार्षिक पैकेज के आधार पर 15 से 20 प्रतिशत तक रकम तय कर टोकन मनी के नाम पर 40 से 60 हजार रुपये तक एडवांस वसूल लेते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विभिन्न जॉब पोर्टल्स के माध्यम से उम्मीदवारों का डेटा हासिल करते थे और फिर नामी कंपनियों के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर उम्मीदवारों को नकली ऑफर लेटर भेज देते थे। ऑफर लेटर मिलने के बाद अभ्यर्थी इसे असली समझकर बाकी रकम भी ऑनलाइन ट्रांसफर कर देते थे, जिसके बाद आरोपी उनसे संपर्क तोड़ देते थे।
इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब एक पीड़ित ने 12 मार्च 2026 को बिसरख थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और 13 मार्च को इटेड़ा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस ठगी गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। नोएडा पुलिस के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि युवाओं को ऐसी किसी भी संदिग्ध नौकरी के ऑफर से सावधान रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की फीस या टोकन मनी देने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करनी चाहिए।




