Himachal Pradesh: पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए 17 करोड़ रुपये जारी, मेजर सोमनाथ अकादमी को 10.26 करोड़ का प्रावधान : मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू

Himachal Pradesh: पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए 17 करोड़ रुपये जारी, मेजर सोमनाथ अकादमी को 10.26 करोड़ का प्रावधान : मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पूर्व सैनिकों, वीरता पदक विजेताओं और शहीदों के आश्रितों के कल्याण के लिए चालू वित्त वर्ष में 17 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व सैनिक और शहीदों के परिवार राज्य का गौरव हैं और सरकार उनके सम्मान व सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण, सुरक्षा और आर्थिक मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 2,263 लाभार्थियों को 17 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। इनमें 968 वृद्धावस्था पेंशनरों को 6.12 करोड़ रुपये प्रदान किए गए, ताकि उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त 1,084 वीरता पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये का मानदेय दिया गया है। वहीं, शहीद अथवा युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के 57 आश्रितों को 7.62 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है, जिससे उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके। साथ ही 154 युद्ध जागीर लाभार्थियों को 20.83 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और शिमला जिलों में सेना भर्ती रैलियों के आयोजन के लिए 2.28 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। यह पहल युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और उन्हें सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने में सहायक होगी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य के लिए यह गर्व की बात है कि यहां के चार सैनिकों को परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया है। राज्य के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है और सरकार उनके परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 के लिए मंडी जिला के बरछवाड़ स्थित मेजर सोमनाथ प्रशिक्षण अकादमी के सुदृढ़ीकरण और विस्तार हेतु 10.26 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह अकादमी युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, जिससे वे सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए हरसंभव कदम उठाती रहेगी।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





