
New Delhi : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को राजधानी के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ किया। उन्होंने गुरु तेग बहादुर अस्पताल में 10 बेड के नए मेडिकल आईसीयू वार्ड का उद्घाटन किया, अत्याधुनिक जीआई एचडी वीडियो एंडोस्कोपी सुइट की शुरुआत की तथा एकीकृत आयुष स्ट्रेस मैनेजमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज में नए अत्याधुनिक ओपीडी भवन की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली का स्वास्थ्य तंत्र मिशन मोड में काम कर रहा है और सरकार का लक्ष्य हर अस्पताल को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार सहित हर क्षेत्र में दिल्ली तेजी से आगे बढ़ रही है और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, सुलभ और आधुनिक बनाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से प्रयासरत है।
जीटीबी अस्पताल में शुरू की गई नई मेडिकल आईसीयू अत्याधुनिक मशीनों और उन्नत सुविधाओं से लैस है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा। वहीं जीआई एचडी वीडियो एंडोस्कोपी सुइट के माध्यम से पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी बीमारियों की जांच अधिक सटीक और तीव्र गति से हो सकेगी, जिससे शुरुआती अवस्था में ही बीमारी की पहचान संभव होगी। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग हजारों मरीजों का जीवन बचा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव एक साइलेंट एपिडेमिक का रूप ले चुका है, जिससे विद्यार्थी, कामकाजी वर्ग, बुजुर्ग और पेशेवर सभी प्रभावित हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने एकीकृत आयुष स्ट्रेस मैनेजमेंट ओपीडी की शुरुआत की है, जिसे आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बिया कॉलेज, नेहरू होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, बी.आर. सूर कॉलेज, ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद संस्थान और आईएचबीएएस में संचालित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत योग, लाइफस्टाइल काउंसलिंग और डिजिटल डिटॉक्स जैसे उपायों के माध्यम से माइंड-बॉडी बैलेंस पर कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि लगभग 1500 बेड की क्षमता वाले जीटीबी अस्पताल को और सशक्त बनाने के लिए पिछली सरकार के समय अधूरी छोड़ी गई पिछली बिल्डिंग के निर्माण कार्य को शीघ्र ही दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन नई सुविधाओं से पूर्वी दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सकेगा।
इहबास को मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश और उत्तर भारत का प्रमुख केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आधुनिक ओपीडी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से मरीजों को लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलेगी और परामर्श, जांच तथा उपचार की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और सुगम हो सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे संस्थान की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, शाहदरा के विधायक संजय गोयल तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह दिन दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली का स्वास्थ्य तंत्र देश का आदर्श मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुलभ, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और दिल्ली सरकार स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करती रहेगी।





