Mahalaxmi Mahayagya Delhi: शंकर नगर में 100 कुंडीय श्री महालक्ष्मी महायज्ञ और श्री वाल्मीकि रामायण कथा का भव्य आयोजन

Mahalaxmi Mahayagya Delhi: शंकर नगर में 100 कुंडीय श्री महालक्ष्मी महायज्ञ और श्री वाल्मीकि रामायण कथा का भव्य आयोजन
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली के शंकर नगर में वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच 100 कुंडीय श्री महालक्ष्मी महायज्ञ का भव्य आयोजन 19 से 25 फरवरी तक किया जा रहा है। अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ एवं स्वामी करपात्री फाउंडेशन के तत्वावधान में श्री सुंदरकांड मित्र मंडल (पंजी.) द्वारा आयोजित इस महायज्ञ में 151 ब्राह्मणों का विशाल वृंद वैदिक विधि-विधान से 21 लाख दिव्य आहुतियां अर्पित करेगा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत 18 फरवरी 2026 को प्रातः 8:30 बजे 751 मातृ शक्ति की भव्य शोभायात्रा से होगी। आयोजकों के अनुसार, कलयुग में अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य फल की प्राप्ति हेतु यज्ञ की परिक्रमा अत्यंत फलदायी मानी जाती है। महायज्ञ का प्रथम सत्र प्रातः 8:00 से 11:30 बजे तक और द्वितीय सत्र दोपहर 2:30 से सायं 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
19 फरवरी को सायं 7:00 बजे श्री सुंदरकांड पाठ के साथ धार्मिक अनुष्ठान की शुरुआत होगी। 20 फरवरी को प्रातः 8:30 बजे घोटेवाला श्री हनुमान मंदिर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे केंद्र की प्राण प्रतिष्ठा एवं हवन संपन्न होगा। दोपहर 2:00 बजे महाप्रसाद वितरण के साथ विशेष अनुष्ठान का समापन होगा।
इसी क्रम में 19 से 25 फरवरी 2026 तक डीएवी स्कूल नंबर 2 ग्राउंड, रघुबरपुरा मेन रोड, शंकर नगर में श्री वाल्मीकि रामायण कथा का आयोजन भी किया जाएगा। कथा का वाचन परम पूज्य स्वामी श्री ब्रह्मानंद सरस्वती जी महाराज के मुखारविंद से होगा। प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे वेद पाठ और दोपहर 2:30 बजे प्रभु श्री राम की पावन कथा का रसपान कराया जाएगा। सायं 6:00 बजे भव्य काशी आरती विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
संस्था के अध्यक्ष श्याम सुंदर सोनी और महामंत्री आलोक माहेश्वरी ने बताया कि क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता इस आयोजन को लेकर अत्यंत उत्साहित है। आयोजन को सफल बनाने में शंकरलाल सोनी, गोपाल करनानी, नारायण राठी सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह आयोजन शंकर नगर क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।
‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई





