राज्यउत्तर प्रदेश

Noida fraud: देश-विदेश घुमाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई, दो आरोपी निशाने पर

Noida fraud: देश-विदेश घुमाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई, दो आरोपी निशाने पर

नोएडा। देश-विदेश घुमाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ नोएडा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सेक्टर-63 थाना पुलिस ने इस गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने साफ किया है कि अब आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

पुलिस के अनुसार यह मामला करीब एक वर्ष पुराना है, जिसमें ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में रहने वाले सौरभ तलवाड़िया ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वर्ष 2018 में वह अपनी पत्नी के साथ गाजियाबाद के एक मॉल गए थे, जहां एक व्यक्ति ने उनसे एक फॉर्म भरवाया और लकी ड्रॉ में नाम डालने की बात कही। कुछ दिनों बाद कॉल कर उन्हें बताया गया कि उनका नाम लकी ड्रॉ में चुना गया है।

इसके बाद दंपती को गाजियाबाद के एक पांच सितारा होटल में बुलाया गया, जहां आकर्षक ऑफर के नाम पर सस्ते हॉलिडे पैकेज का झांसा दिया गया। आरोपियों ने दावा किया कि 10 साल तक हर साल सात दिन का देश-विदेश घूमने का पैकेज मिलेगा। इस भरोसे पर पीड़ित से एक लाख 40 हजार रुपये ले लिए गए।

जब पीड़ित ने बाद में मनाली, शिमला समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर होटल बुकिंग कराने की कोशिश की, तो कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जांच करने पर पता चला कि जिन होटलों का ऑफर दिया गया था, वे असल में अस्तित्व में ही नहीं थे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस ठगी के पीछे गाजियाबाद निवासी विशाल कुमार राय और दिल्ली के करावल नगर निवासी दीपक राय शामिल थे। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक इन मामलों में आरोपपत्र भी न्यायालय में दाखिल हो चुके हैं।

अब पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि इन्हें दोबारा गिरफ्तार कर इनकी अवैध संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की ठगी करने वालों को कड़ा संदेश दिया जा सके।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button