Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किशोरियां अगवा, पुलिस ने खोजी टीम गठित की

Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किशोरियां अगवा, पुलिस ने खोजी टीम गठित की

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से दो किशोरियों के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले सामने आए हैं। दोनों ही मामलों में परिजनों ने युवकों पर बहला-फुसलाकर अगवा करने का आरोप लगाया है। अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने किशोरियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर जांच तेज कर दी है।

पहला मामला थाना सेक्टर-63 क्षेत्र का है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित काकरान के अनुसार चोटपुर कॉलोनी के 25 फुटा रोड निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 16 वर्षीय बेटी 9 जनवरी से घर से लापता है। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका। जांच के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि अरविंद यादव नामक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

दूसरा मामला ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र का है। यहां कस्बा कासना निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 14 जनवरी से घर से गायब है। महिला ने बताया कि बेटी की काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। महिला ने आशंका जताई है कि उसकी बेटी को भी किसी युवक ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में किशोरियों की बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, कॉल डिटेल्स और संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने परिजनों से अपील की है कि यदि कोई भी अहम जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि किशोरियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके।

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img