उत्तर प्रदेश : पांच दिन चली आयकर जांच के बाद आनंदा डेयरी ग्रुप के प्लांटों से लौटी टीमें, अधिकारी और प्रबंधन रहे खामोश

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के कस्बा स्याना स्थित आनंदा डेयरी ग्रुप के दूध प्लांट में आयकर विभाग की पांच दिनों तक चली जांच सोमवार को समाप्त हो गई। सोमवार दोपहर करीब 11 बजे आयकर विभाग की टीम जांच पूरी करने के बाद फैक्ट्री से वापस लौट गई। टीम के बाहर निकलने के बाद भी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया और अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
आनंदा डेयरी प्लांट के प्रबंधन ने भी पूरे मामले पर चुप्पी साधे रखी। प्रबंधन की ओर से न तो जांच को लेकर कोई प्रतिक्रिया दी गई और न ही किसी तरह की जानकारी साझा की गई। पिछले पांच दिनों से चल रही इस कार्रवाई को लेकर जिलेभर में चर्चाओं का दौर जारी रहा।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीमें जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रही थीं। पांचवें दिन तक कार्रवाई जारी रहने से क्षेत्र के अन्य बड़े कारोबारियों में भी हलचल और बेचैनी देखी गई। सोमवार को प्लांट के बाहर सन्नाटा पसरा रहा जबकि अंदर आयकर विभाग की कार्रवाई चलती रही। इस दौरान स्थानीय पुलिस और सुरक्षाबलों की मौजूदगी भी बनी रही।
हालांकि आयकर विभाग के किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक रूप से किसी जब्ती या बरामदगी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि टीम अपने साथ कुछ अहम और गहन सबूत लेकर गई है। इसी क्रम में जनपद हापुड़ के पिलखुवा और अमरोहा के गजरौला स्थित आनंदा डेयरी प्लांटों पर भी आयकर विभाग की टीमें जांच में जुटी रहीं। वहां भी हालात लगभग समान रहे और इनकम टैक्स अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से पूरी तरह परहेज किया।