उत्तर प्रदेश : सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख से अधिक की ठगी का आरोप

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव फरीदपुर निवासी शेर खान ने तीन युवकों पर उनके भाई की सऊदी अरब में नौकरी लगवाने के नाम पर 2.05 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शेर खान ने बताया कि वह काफी समय से अपने भाई फिरोज की नौकरी के लिए प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव बड़का नंगला निवासी तीन युवकों से हुई, जिन्होंने खुद को जनपद मेरठ के किठौर स्थित कार्यालय से जुड़ा बताया। आरोपियों ने दावा किया कि उन्होंने क्षेत्र के कई युवाओं को विदेशों में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलवाई है। इन बातों पर भरोसा कर शेर खान उनके झांसे में आ गए।
आरोप है कि युवकों ने सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे दो लाख पांच हजार रुपये ले लिए। चार माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो नौकरी लग पाई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। जब शेर खान ने आरोपियों से संपर्क कर जानकारी मांगी तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी।
इस संबंध में सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





