राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Accident: नोएडा में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई नई ब्रेजा कार, एक युवक की मौत

Noida Accident: नोएडा में तेज रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराई नई ब्रेजा कार, एक युवक की मौत

नोएडा के सेक्टर-51 इलाके में गुरुवार को तेज रफ्तार का दर्दनाक नतीजा देखने को मिला, जब एक बेकाबू नई ब्रेजा कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक अभी अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले 20 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है। हादसे में घायल उसका साथी संजू है, जिसकी उम्र करीब 22 साल बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को ब्रेजा कार तेज रफ्तार में सेक्टर-51 की ओर से गुजर रही थी। कार की रफ्तार काफी ज्यादा होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और होशियारपुर गली नंबर-1 के पास कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट और साइड हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि हादसे के समय कार की स्पीड करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही होगी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों युवकों को कार से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजू का इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल ब्रेजा कार बिल्कुल नई थी और उस पर अभी तक नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार कौन चला रहा था और हादसे के पीछे की असली वजह क्या रही।

Related Articles

Back to top button