UP RERA: यूपी रेरा ने 417 करोड़ की सात रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, पांच शहरों में बनेंगी 1024 यूनिट

UP RERA: यूपी रेरा ने 417 करोड़ की सात रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी, पांच शहरों में बनेंगी 1024 यूनिट

उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर को बड़ी राहत देते हुए करीब 416.94 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली सात नई परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है। इन परियोजनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में कुल 1,024 आवासीय और व्यवसायिक यूनिटों का निर्माण किया जाएगा। यह फैसला रेरा की 192वीं बैठक में लिया गया, जिसे प्रदेश में नियोजित शहरी विकास और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

यूपी रेरा द्वारा जिन शहरों में परियोजनाओं को अनुमति दी गई है, उनमें नोएडा, लखनऊ, मथुरा, बरेली और मेरठ शामिल हैं। सबसे अधिक निवेश नोएडा और मथुरा में देखने को मिला है। नोएडा में कुल 181.36 करोड़ रुपये की लागत वाली दो व्यवसायिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनके तहत 298 व्यवसायिक यूनिटों का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से नोएडा में तेजी से बढ़ रही व्यवसायिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के अवसरों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

मथुरा में 154.92 करोड़ रुपये की लागत से दो आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के तहत कुल 565 आवासीय यूनिटों का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे मथुरा क्षेत्र में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा और नियोजित विकास को गति मिलेगी।

राजधानी लखनऊ में 27.65 करोड़ रुपये की लागत वाली एक व्यवसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें 30 यूनिटों का निर्माण किया जाएगा। इससे लखनऊ में संगठित व्यवसायिक ढांचे को बढ़ावा मिलेगा। वहीं बरेली में 24.56 करोड़ रुपये की लागत से एक आवासीय परियोजना को स्वीकृति मिली है, जिसके अंतर्गत 106 आवासीय यूनिट बनाई जाएंगी। यह परियोजना बरेली में आवासीय विकास को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

इसके अलावा मेरठ में 28.45 करोड़ रुपये की लागत वाली एक मिश्रित उपयोग परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें आवासीय और व्यवसायिक दोनों तरह की 25 यूनिटों का निर्माण होगा। इस परियोजना से मेरठ में संतुलित शहरी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यूपी रेरा द्वारा स्वीकृत इन सात परियोजनाओं में होने वाला करीब 417 करोड़ रुपये का निवेश प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्माण कार्यों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे। इससे श्रमिकों, इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों के साथ-साथ निर्माण सामग्री, परिवहन, वित्त और सेवा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों को भी लाभ पहुंचेगा। कुल मिलाकर यूपी रेरा की यह मंजूरी उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट सेक्टर को मजबूती देने और व्यवस्थित विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img