उत्तर प्रदेश : हापुड़ में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की 12 बाइक बरामद

Hapur News : जनपद हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के 02 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से विभिन्न जनपदों से चोरी की गई 12 मोटर साइकिल व अवैध असलाह बरामद किया गया है।
सीओ स्तुति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों को स्याना रोड दादू भट्टे के पास गिरफ्तार किया है। ये शातिर किस्म के वाहन चोर/अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध जनपद हापुड़ व मेरठ में चोरी आदि अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र सतपाल निवासी ग्राम नित्यानंदपुर उर्फ मितापुर थाना किठौर जनपद मेरठ और सोवीर उर्फ पप्पू पुत्र आजादवीर निवासी ग्राम धनपुरा थाना सिम्भावली जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।
सीओ ने बताया कि आरोपियों के द्वारा एनसीआर क्षेत्र व अन्य जनपदों से वाहनों को चोरी करके उनकी फर्जी नम्बर प्लेट बदलकर बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के साथ ही उनके पास से चोरी की गई मोटर साइकिल और अवैध असलाह भी बरामद किया है।





