Bulandshahr (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में नकली मिठाई तैयार करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। खुर्जा नगर और स्याना कस्बे में मंगलवार को विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली मिठाई पकड़ी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि टीम ने स्याना में एक गोदाम पर छापा मारकर विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए। मौके पर आर्टिफिशियल और मिलावट कर तैयार की गई लगभग दो कुंतल छैना मिठाई और रंगीन रसगुल्ले नष्ट कराए गए। कार्रवाई की खबर फैलते ही कई मिलावटी मिठाई बनाने वाले कारोबारी सतर्क हो गए और कुछ दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से खिसक गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय और सुनील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। इस दौरान नायब तहसीलदार अखिलेश यादव भी मौजूद रहे। टीम ने राजा लड्डू भंडार से छैना, गुलाब जामुन, रसगुल्ला और बंगाली रसगुल्ला के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्थिति भी परखी। मौके पर करीब दो कुंतल छैना और रसगुल्ला नष्ट कराया गया। अचानक हुई कार्रवाई से नगर के मिठाई कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग की सक्रियता से कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटी मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।





