Noida Online Betting Gang: नोएडा में ऑनलाइन बेटिंग गैंग का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

Noida Online Betting Gang: नोएडा में ऑनलाइन बेटिंग गैंग का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा कमिश्नरेट की बिसरख पुलिस ने ऑनलाइन बेटिंग और ऑनलाइन गैम्बलिंग के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए सात पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लॉ रेजिडेंसिया सोसायटी के टावर-1 में बैठकर मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से Winbuzz नामक ऐप पर हार-जीत की सट्टेबाजी संचालित कर रहा था। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम ने सोसायटी में दबिश दी और मौके से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की। आरोपी लोगों को बड़ी राशि जीतने का लालच देते थे और ऐप में निवेश करवाते थे। शुरुआत में छोटी-छोटी रकम जीतवाकर भरोसा दिलाया जाता था, लेकिन धीरे-धीरे पीड़ितों के पूरे पैसे हड़प लिए जाते थे।
जांच में सामने आया कि यह गैंग फर्जी आईडी के जरिए सिम कार्ड खरीदता था, फिर उन्हीं सिम की मदद से बैंक खाते खुलवाए जाते थे। जब लोग ऐप में निवेश करते थे, तो उनकी रकम इन्हीं फर्जी खातों में ट्रांसफर हो जाती थी। पुलिस की कार्रवाई में इनके पास से 159 फर्जी पासबुक, 95 चेकबुक, 131 एटीएम कार्ड, 114 सिम कार्ड, 7 लैपटॉप, 61 मोबाइल फोन और 39,670 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ थाना बिसरख में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीसीपी सेंट्रल जोन शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह गिरोह संगठित तरीके से काम करता था और तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को धोखा देता था। उन्होंने कहा कि पुलिस साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





