Noida Murder Case: नोएडा में महिला हत्या का सनसनीखेज खुलासा, बस चालक मोनू गिरफ्तार

Noida Murder Case: नोएडा में महिला हत्या का सनसनीखेज खुलासा, बस चालक मोनू गिरफ्तार

रिपोर्ट: अमर सैनी

नोएडा में नाले से मिली एक अज्ञात महिला की हत्या का राज आखिरकार खुल गया है। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज किया और कुल 9 टीमें गठित कर जांच शुरू की। महिला की पहचान से लेकर आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 5000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 1100 वाहनों की ट्रैकिंग की, जिसके बाद इस हत्या की गुत्थी सुलझ सकी। जांच के दौरान पुलिस की नजर एक सफेद-नीली बस नंबर UP16KT0037 पर गई, जिसे मोनू सोलंकी नाम का चालक चलाता था। इसी क्रम में जानकारी मिली कि बरौला में रहने वाली प्रीति यादव नाम की महिला कई दिनों से लापता है और उसका मोनू से विवाद भी चल रहा था।

जब पुलिस ने मोनू सोलंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हैरान कर देने वाला खुलासा किया। आरोपी ने बताया कि प्रीति उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी, जिसके चलते वह तनाव में था। इसी नाराजगी और दबाव में आकर उसने 5 नवंबर की रात बस के भीतर ही गड़ांसे से उसकी हत्या कर दी। पहचान मिटाने के इरादे से आरोपी ने महिला का हाथ काटकर शव नोएडा के नाले में फेंक दिया और बाकी अवशेष गाजियाबाद में एक सूखे नाले में छिपा दिए।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बस, उसके अंदर बिछी मैट, गड़ांसा और मृतका के सभी अवशेष बरामद कर लिए। फोरेंसिक जांच में बस के अंदर मिला खून मानव रक्त होने की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोनू को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीसीपी नोएडा जॉन, यमुना प्रसाद ने बताया कि यह केस बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम की मेहनत से हत्या का पूरा पर्दाफाश करने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल ट्रैकिंग पुलिस के लिए अहम भूमिका निभाते हैं और इस मामले में भी यही निर्णायक साबित हुआ।

ममूटी ने कहा कि उन्हें ‘मेगास्टार’ की उपाधि पसंद नहीं है, उन्हें लगता है कि उनके जाने के बाद लोग उन्हें याद नहीं रखेंगे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img