Vehicle Theft: दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार, आठ वाहन बरामद
नोएडा। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आठ दोपहिया वाहन और एक अवैध हथियार बरामद किया है।
एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-57 स्थित शौचालय के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों की पहचान दिल्ली के कोंडली निवासी टीटू और मयूर विहार फेज-3 निवासी एकांत उर्फ मोनू के रूप में हुई। टीटू मूल रूप से बुलंदशहर और एकांत बागपत का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और अवैध हथियार बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर की भीड़भाड़ वाली मार्केट और कंपनियों की पार्किंग से बाइक चोरी कर सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। बाद में ग्राहकों को कम कीमत पर बेच देते थे और उससे मिली रकम नशे व अन्य शौक पूरे करने में खर्च करते थे।
पुलिस के अनुसार टीटू के खिलाफ 13 और एकांत के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों से पूछताछ कर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।


