Sunday, 1 November 2026निष्पक्ष खबरें • बेबाक नज़रिया
TOP STORY
THE COMPLETE NEWSROOMखबर पूरी। नज़रिया साफ़।भारत से आपके शहर तक
▤ ई-पेपर पढ़ें ↗
BREAKING NEWS
Lucknow : ‘यूपी की जनता 2027 में सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेज देगी’, अखिलेश यादव पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने साधा निशानाLucknow : महिलाओं के स्वावलंबन को मिल रहा संबल, साहूकारों पर निर्भरता की मजबूरी खत्मLucknow : योगी सरकार में बदली कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की तस्वीर, बेटियों को मिल रहे शिक्षा और आत्मनिर्भरता के नए अवसरVaranasi : वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के उपहार के लिए प्रधानमंत्री जी का दिल से धन्यवाद- मुख्यमंत्रीVaranasi : बुलेट ट्रेन से जुड़ेगी काशी नगरी, साढ़े तीन घंटे में पूरा होगा दिल्ली का सफर- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णवVaranasi : पहले ‘आश्वासन पर आश्वासन’ मिलता था, अब ‘सौगात पर सौगात’ मिलती है- मुख्यमंत्रीBulandshahar : बुलंदशहर में कांग्रेस ने सरदार पटेल की जयंती और इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलिBulandshahar : बुलंदशहर में अपना दल एस कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Varanasi : बुलेट ट्रेन से जुड़ेगी काशी नगरी, साढ़े तीन घंटे में पूरा होगा दिल्ली का सफर- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

Varanasi : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को काशीवासियों को ऐतिहासिक सौगात देते हुए बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी मिलने की बड़ी घोषणा की है। वाराणसी कैंट स्टेशन पर नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और 10 नई मेमू रेल सेवाओं के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय रेल तेजी से आधुनिकता की ओर बढ़ रही है। समारोह में रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में रेलवे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की सुरक्षित सवारी बन चुकी है और आज की यह शुरुआत पूरे पूर्वांचल के लिए विकास का एक नया अध्याय है।

बुलेट ट्रेन से जुड़ेंगे पूर्वांचल और उत्तर भारत के प्रमुख शहर

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल गई है। इस नए हाई स्पीड कॉरिडोर के जरिए दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज को एक साथ जोड़ा जाएगा, जिसका विस्तार आगे पटना, सिलीगुड़ी होते हुए गुवाहाटी तक होगा। यह पूरी तरह ‘मेक इन इंडिया’ के तहत भारत के नौजवानों और कारीगरों द्वारा बनाया जाएगा। बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली से वाराणसी का सफर महज 3 घंटे 33 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं दिल्ली से कानपुर 1 घंटे 45 मिनट, दिल्ली से लखनऊ की दूरी 2 घंटे 12 मिनट और वाराणसी से लखनऊ की दूरी महज 1 घंटे 21 मिनट रह जाएगी। दिल्ली से आगरा का सफर 59 मिनट में पूरा होगा, जबकि काशी से पटना का सफर भी मात्र एक घंटे का रह जाएगा।

18 गुना बढ़ा उत्तर प्रदेश का रेल बजट

रेल मंत्री ने रेलवे बजट के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब कई देशों से बड़े इस विशाल प्रदेश को मात्र एक हजार करोड़ रुपये का रेलवे बजट मिलता था। यह दो लड़कों का उत्तर प्रदेश के साथ भारी अन्याय था। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आने के बाद प्रदेश के रेल बजट में 18 गुना की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है और यह बढ़कर 20 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, नौजवानों और व्यापारियों के हित के लिए केवल भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार ही काम कर सकती है।

विदेशी मीडिया संस्थानों ने भी की है वंदे भारत की तारीफ

देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की खूबियों का जिक्र करते हुए रेल मंत्री ने बताया कि इसमें यात्रियों के साथ साथ स्टाफ का भी पूरा ध्यान रखा गया है। ट्रेन में रात भर काम करने वाले स्टाफ के लिए अलग बर्थ और लोको पायलट के लिए अंदर टॉयलेट की विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों के लिए मिडिल और अपर बर्थ पर चढ़ने वाली सीढ़ियों को नए तरीके से डिजाइन किया गया है ताकि फिसलने की समस्या खत्म हो सके। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलने वाली वंदे भारत की तारीफ विदेशी मीडिया संस्थान के पत्रकारों ने भी की है। यह नई वंदे भारत स्लीपर वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली तक का आरामदायक सफर तय करेगी।

दैनिक यात्रियों के लिए 10 नई मेमू सेवाएं

रेल मंत्री ने बताया कि शहर के विस्तार को देखते हुए 10 नई मेमू सेवाएं शुरू की गई हैं। इनमें से आठ सेवाएं बनारस शहर, बनारस सिटी, बनारस कैंट, बनारस स्टेशन, भुल्लनपुर, हरदत्तपुर और राजातालाब के बीच चलेंगी। वहीं दो सेवाएं प्रयागराज रामबाग, झूंसी, हंडिया खास, ज्ञानपुर रोड, माधोसिंह और राजातालाब होते हुए बनारस को जोड़ेंगी। बनारस सिटी से राजातालाब तक महीने भर की यात्रा के लिए एमएसटी मात्र 95 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं, काशी से प्रयागराज रामबाग तक की यात्रा का एमएसटी मात्र 220 रुपये में बनेगा, जिससे प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों और छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक राहत मिलेगी।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया

Avatar photo
संवाददाता

SHAHRUKH KHAN

संबंधित खबरें