Uttar Pradesh : हापुड़ में शादी से पहले 4.5 लाख रुपये लेकर युवक लापता, परिवार में मचा हड़कंप

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोदीनगर रोड से एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में 4.5 लाख रुपये के साथ लापता हो गया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि युवक की बहन की शादी रविवार को होनी थी, जिसके चलते घर में तैयारियां जोरों पर थीं।
जानकारी के अनुसार मोदीनगर रोड निवासी गौरव की बहन की सगाई शनिवार को स्याना में तय थी और रविवार को शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के तहत गौरव ने बस और कैंटर बुक किया था और मेरठ रोड स्थित एक फर्नीचर की दुकान से सामान लेने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी। इसी सिलसिले में वह शनिवार को घर से करीब साढ़े चार लाख रुपये लेकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई। परिजनों ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। आखिरकार मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि युवक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही युवक का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा।




