राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में बर्थडे बॉय ने 3 दोस्तों की गोलियां बरसा की हत्या

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में जन्मदिन पार्टी के दौरान शनिवार रात 12 बजे भाजपा नेता के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, जिम में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। चश्मदीदों ने बताया कि भाजपा नेता के चचेरे भाई ने आरोपी बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया।

इससे वह भड़क गया। पहले कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ भाजपा नेता के भाइयों-भतीजे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीनों की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गए। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

पूरा मामला खुर्जा के RJS फिटनेस जिम का है। आरोपी जीतू सैनी पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष रह चुका है। फायरिंग में मनीष सैनी (30), आकाश सैनी (19) और अमरदीप सैनी (32) की जान गई है। मनीष वार्ड नंबर 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी के छोटे भाई थे, जबकि आकाश उनके भतीजे और अमरदीप चाचा के लड़के थे।

भाजपा सभासद संजय सैनी ने बताया कि आरोपी जीतू का शनिवार को बर्थडे था। उसने पार्टी में अपने दोस्तों को बुलाया था। मेरा भाई, चचेरे भाई और भतीजा जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गए थे। भाई के दोस्त रूपेश ने मुझे फोन कर घटना की सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में पता चला है कि चेहरे पर केक लगाने को लेकर मामला बढ़ गया। इसके बाद जीतू ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। आरोपी CCTV का डीवीआर अपने साथ लेकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

एसपी ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें बनाई गई हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया

“स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि जिम में कुछ युवक आपस में भिड़ गए। आरोपियों में से एक का आज जन्मदिन था। आरोपियों को पकड़ने के लिए 6 टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में झगड़े के बाद हत्या की बात सामने आई है, लेकिन सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

धर्मशाला को लेकर चला आ रहा था विवाद

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। भाजपा नेता के घर के पास स्थित सैनी धर्मशाला को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है, जिसमें एक पक्ष से सभासद संजय सैनी हैं, जबकि दूसरे पक्ष से आरोपी जीतू सैनी के दोस्त के पिता हैं। विवाद के चलते धर्मशाला कई वर्षों से बंद पड़ी है।

Related Articles

Back to top button