उत्तर प्रदेश : सोशल मीडिया पर निवेश का झांसा देकर युवक से 6.64 लाख की ठगी, साइबर थाने में मुकदमा दर्ज

Hapur News : हापुड़ में ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नंगला बड़ से सामने आया है, जहां एक युवक को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर लाखों रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अनमोल त्यागी के अनुसार उसकी बातचीत Telegram के माध्यम से दीपक कुमार नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए उसे Godrej Properties के शेयर में निवेश करने का सुझाव दिया और कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उसका विश्वास जीत लिया।

आरोपी के झांसे में आकर युवक ने 25 जून 2025 को एक लाख रुपये Paytm के जरिए ट्रांसफर किए। इसके अलावा 86,460 रुपये State Bank of India की गढ़मुक्तेश्वर शाखा से भेजे। इसके अगले दिन 26 जून को उसने 4,78,044 रुपये UCO Bank के खाते से ट्रांसफर कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल 6,64,504 रुपये अपने खाते में जमा करवा लिए।

कुछ समय बाद आरोपी ने युवक से 7 लाख रुपये और निवेश करने की मांग की, जिससे पीड़ित को शक हुआ। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा और धीरे-धीरे संपर्क खत्म कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

एसपी के आदेश पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी के बैंक खातों व मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश ऑफर पर आंख बंद कर भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी भी प्रकार की रकम ट्रांसफर करने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्ति की पूरी जांच-पड़ताल जरूरी है। अनजान लिंक, फर्जी प्रोफाइल और जल्दी मुनाफे के लालच से सतर्क रहना ही ऐसे साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img