Hapur : जनपद हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली के सामने रास्ते के विवाद ने एक बड़ा रूप ले लिया। जहां पुलिया की मरम्मत और पटिया डालकर रास्ता बनाए जाने के विरोध में महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार/मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश सोनी ने किसी तरह मामला शांत करवाया।
दरअसल, मिली जानकारी के अनुसार, गढ़ कोतवाली के सामने स्थित एक गली की पुलिया की नगर पालिका द्वारा मरम्मत कराई जा रही है। स्थानीय निवासी बिजेंद्र प्रधान पिछले तीन दिनों से इसका विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि संबंधित स्थान उनकी भूमि में आता है और उनका रास्ता अवरुद्ध किया जा रहा है। दूसरी ओर कॉलोनी के लोगों का दावा था कि वह सरकारी रास्ता है और पुलिया पर पटिया डालकर आवागमन सुचारु किया जाना चाहिए। विवाद के निस्तारण के लिए सोमवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।
नायब तहसीलदार ने बताया कि वह कार्रवाई कर रहे थे, तभी बिजेंद्र प्रधान की पत्नी वहां पहुंचीं। उन्होंने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए विरोध में अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने महिला के हाथ से माचिस छीन ली। उनका आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। बाद में मौके पर दोनों पक्षों की बात सुनकर समस्या का निस्तारण करा दिया गया है।





