उत्तर प्रदेश : हापुड़ में NH-9 पर दो पिकअप और एंबुलेंस की भीषण टक्कर, कई घायल

Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ इलाके में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे-9 पर काली नदी पुल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो पिकअप वाहन और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गए, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात सुचारु कराया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही एक महिंद्रा पिकअप की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में पिकअप सवार जगदीश और दलजीत निवासी वीरकला, जिला संगरूर (पंजाब) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को लेने के लिए मौके पर एक एंबुलेंस पहुंची थी। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक अन्य पिकअप ने एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई और दूसरी पिकअप पलट गई। इस दुर्घटना में एंबुलेंस चालक प्रवीण निवासी सीएचसी हापुड़ भी घायल हो गए। हादसे के बाद पलटी हुई पिकअप का चालक मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर रूट क्लियर कराकर यातायात को सामान्य किया। पुलिस ने तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी घायलों को दूसरी एंबुलेंस से सीएचसी हापुड़ भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर आने पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img