Uttar Pradesh : हापुड़ में NH-09 पर पिकअप की टक्कर से ट्रैक्टर पलटा, दो की मौत, एक घायल

Hapur News : हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे NH-09 पर बागड़पुर फ्लाईओवर के पास शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली हापुड़ से अमरोहा की ओर जा रही थी। ट्रॉली पर तीन लोग सवार थे। सुबह करीब पांच बजे बागड़पुर फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसे में तीनों लोग सड़क पर जा गिरे।
दुर्घटना में अमरोहा के नूरी निवासी 45 वर्षीय आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुबारक नागली निवासी 44 वर्षीय कामिल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डिडौली थाना क्षेत्र के पतई निवासी मेहराज घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतकों के परिजनों को सूचना देने के बाद पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।





