राज्यबिहारराज्य

Bihar : गया में सात फेरों के बाद लुटेरी दुल्हन गहने और नकदी लेकर फरार

Gaya (मृत्युंजय) : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित गांधी मोहल्ले में शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी निवासी रविंद्र कुमार बारात लेकर गया पहुंचे थे। हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे और सिंदूरदान के बाद दूल्हे ने दुल्हन को सोने-चांदी के जेवर भी पहनाए। लेकिन शादी के कुछ ही देर बाद कथित एजेंट शकील पहचान पत्र की फोटोकॉपी कराने का बहाना बनाकर दुल्हन को बाइक पर बैठाकर फरार हो गया। घटना के बाद दुल्हन और एजेंट दोनों के मोबाइल बंद मिले।

पीड़ित रविंद्र ने मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शादी से पहले एजेंट ने एक लाख रुपये नकद लिए थे। दुल्हन ने शॉपिंग और मेकअप के नाम पर भी हजारों रुपये खर्च कराए। विदाई से पहले शादी के फोटो और वीडियो भी डिलीट करवा दिए गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुल्हन की कथित बड़ी बहन और एक बिचौलिए को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी दुल्हन और एजेंट की तलाश जारी है। इंस्पेक्टर देवराज इंद्र ने बताया कि पूरे गिरोह की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर शादी की थी और अब वर्षों की जमा-पूंजी ठगी का शिकार हो गई है।

Related Articles

Back to top button