Uttar Pradesh : हापुड़ के भटियाना गांव में कैंटर की टक्कर से छह साल की बच्ची की मौत, चालक फरार

Hapur : जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव भटियाना में घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही छह वर्षीय इशिका को कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
गांव निवासी कविंद्र की छह वर्षीय पुत्री इशिका सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने लोगों की मदद से बच्ची को हापुड़ नगर के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद से ही कैंटर चालक फरार बताया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कैंटर को कब्जे में ले लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस कैंटर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश कर रही है।





