Uttar Pradesh : हापुड़ में दुकानदार को दी गर्दन उड़ाने की धमकी, वीडियो वायरल

Hapur : जनपद में नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड पर जदीद पुलिस चौकी के ठीक सामने एक आरोपी ने दुकानदार को सरेआम गर्दन उड़ाने और उसके बच्चों को अनाथ करने की धमकी दे डाली। इस पूरी घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला शिवदयालपुरा निवासी सेवानिवृत्त फौजी के पुत्र अफसार सैफी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका पुराना विवाद उसी मोहल्ले के इरफान नामक व्यक्ति से कोर्ट में चल रहा है। 4 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे आरोपी इरफान अपने कुछ साथियों के साथ जदीद पुलिस चौकी के सामने स्थित अफसार की दुकान पर पहुंच गया। आरोपी ने पीड़ित पर कोर्ट में चल रहा केस वापस लेने का दबाव बनाया।

जब पीड़ित ने मना कर दिया तो आरोपी ने उसकी गर्दन पकड़ ली और सरेआम जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित का आरोप है कि गाली-गलौज के दौरान आरोपी बार-बार अपनी जेब की तरफ इशारा कर रहा था, जिससे ऐसा लग रहा था कि उसके पास कोई अवैध हथियार या धारदार चाकू है। आरोपी की इस हरकत से पीड़ित का पूरा परिवार दहशत में है।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img