उत्तर प्रदेश : हापुड़ में 85 लाख की सनसनीखेज लूट का मामला, पुलिस ने सूचना देने वाले को 50 हजार इनाम देने की घोषणा की

Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एनएच-09 पर सोमवार दोपहर एक खल-चूरी व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपये की लूट हो गई थी। बदमाशों ने मुनीम की बाइक में टक्कर मारकर उसे गिराया और तमंचा तानकर रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार दादरी निवासी अजय पाल घी,तेल और खल चूरी व्यापारी गोपाल के यहां मुनीम हैं। खल-चूरी व्यापारी गोपाल भी दादरी के निवासी हैं। सोमवार दोपहर वह हापुड़ के दो व्यापारियों के यहां से कलेक्शन करके बाइक से लौट रहे थे। उन्होंने एक व्यापारी से 50 लाख और दूसरे व्यापारी से 35 लाख रुपये एकत्र किए थे। अजय पाल हाईवे के रास्ते बाइक से गाजियाबाद जा रहे थे। जैसे ही वह पिलखुवा क्षेत्र के सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास फ्लाईओवर पर पहुंचे। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इससे पहले अजय पाल संभल पाते बदमाशों ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी देते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि बदमाशों को मुनीम के निकलने का सटीक समय, तय रूट और बैग में रखी मोटी रकम की पूरी जानकारी थी। जांच का दायरा अब मुनीम, कारोबारी के स्टाफ और करीबी संपर्कों तक बढ़ा दिया गया है। एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के फोटो जारी कर दिए हैं और सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है और सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस लूट का संबंध गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर और मेरठ में हुई नकदी लूट की पुरानी घटनाओं से तो नहीं है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img