Uttar Pradesh : हापुड़ में भीषण आग से 50 से अधिक झुग्गियां खाक, लाखों का नुकसान

Hapur News : जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह मोदीनगर रोड स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री के पास बनी झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 50 से अधिक झुग्गियों को अपनी चपेट में लेते हुए आसपास के गोदामों और फैक्ट्रियों तक फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे झुग्गियों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। झुग्गियों में रखी प्लास्टिक, पॉलिथीन, लकड़ी और कबाड़ जैसे ज्वलनशील पदार्थों ने आग को और भड़का दिया, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें पास स्थित गायत्री लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट, यूनाइटेड ट्रांसपोर्ट और एक जींस सिलाई फैक्ट्री तक पहुंच गईं, जहां गोदामों में रखा भारी मात्रा में कपड़ा जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार एक गोदाम में करीब 800 गांठ और दूसरे में लगभग 250 गांठ माल रखा था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया। करीब आठ दमकल गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार छाया रहा, जिससे आसपास के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से झुग्गियों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग में झुग्गियों में रखा घरेलू सामान, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज जलकर खाक हो गए, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है।
मौके पर पहुंचीं क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और मामले की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि वास्तविक क्षति का आंकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।





