उत्तर प्रदेश, नोएडा: थार और कार सवार दबंगों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को पीटा, तोड़फोड़ भी की

अमर सैनी
उत्तर प्रदेश, नोएडा।थार और कार सवार दबंगों ने पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से मारपीट कर तोड़फोड़ की। इस मामले में चार अज्ञात दबंगों के खिलाफ सेक्टर-126 थाने में केस दर्ज हुआ है। मैनेजर ने पुलिस को मारपीट और तोड़फोड़ की फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है। मनोज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि वह सेक्टर-133 स्थित सिटी फ्यूल सेंटर (पेट्रोल पंप) पर मैनेजर के पद पर नियुक्त हैं। मंगलवार सुबह पांच बजकर 12 मिनट पर थार और सियाज कार तेजी से पेट्रोल पंप पर आईं। वाहनों के चालकों ने जानबूझकर मशीन के तेल डालने वाले पाइप पर गाड़ी चढ़ा दी ताकि नुकसान पहुंचाया जा सके।

दोनों वाहनों में कुल चार लोग सवार थे, जिनकी उम्र 30 साल के आसपास थी। सेल्समैन ने जब वाहनों के चालकों से गाड़ी आगे बढ़ाने के लिए कहा तो वे उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने सेल्समैन और अन्य कर्मचारियों के बाल पकड़कर खींचे और हाथापाई कर मारपीट की। आरोपियों ने कुर्सियां और डस्टबिन तक तोड़ दिए। तोड़फोड़ होती देख जब अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर अपने-अपने वाहनों से फरार हो गए। घटनास्थल पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा और काम में भी बाधा पहुंची। शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घटना के समय आरोपियों ने शराब पी रखी थी। घटनास्थल पर मिली फुटेज के आधार पर गाड़ी और उसमें सवार आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना में शामिल सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img