उत्तर प्रदेश, नोएडा: पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अपहृत किशोर सकुशल बरामद, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

अमर सैनी

 उत्तर प्रदेश, नोएडा।गाजियाबाद से अपहृत किशोर को गौतमबुद्धनगर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर रविवार को सकुशल बरामद कर लिया। थाना जेवर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें दो अपहर्ता गोली लगने से घायल हो गए। वहीं तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने कॉम्बिंग कर दबोच लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार और अवैध असलहे भी बरामद किए हैं।

मामला 9 सितंबर का है। गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति ने थाना दनकौर में तहरीर दी थी कि उसका पोता किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। अपहृत की बलेनो कार (UP14DC8484) को लावारिस हालत में यमुना एक्सप्रेस-वे पर छोड़ दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने स्वाट व कई थानों की टीमों का गठन किया। 14 सितंबर को पुलिस ने जेवर क्षेत्र में अपहर्ताओं की घेराबंदी की। इस दौरान अपहृत किशोर को सकुशल बरामद कर लिया गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिस पर जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी मोहित गुप्ता निवासी फर्रुखाबाद और आलोक यादव निवासी कन्नौज गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें नियम शर्मा, निवासी सेक्टर-16सी, बिसरख। श्याम सुंदर, निवासी कन्नौज और सुमित कुमार, निवासी फर्रुखाबाद भी हैं। इनके पास से पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त XUV 300 कार, दो तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस व चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना दनकौर, थाना जेवर, थाना इकोटेक-1, थाना बीटा-2, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल ग्रेटर नोएडा की अहम भूमिका रही। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने बताया कि अपहृत किशोर पूरी तरह सुरक्षित है और मामले में आगे की जांच जारी है।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img