उत्तर प्रदेश, नोएडा: ऑनलाइन कमाई के बहाने कर्नल की पत्नी से ठगी

अमर सैनी

उत्तर प्रदेश, नोएडा।साइबर अपराधी ने रेस्टोरेंट की रेटिंग और निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर कर्नल की पत्नी से 97 हजार रुपये ठग लिए। महिला पर जब और रुपये निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा तो उसे ठगी की जानकारी हुई। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर-29 स्थित बह्मपुत्र अपार्टमेंट निवासी गीतांजलि वेद ने पुलिस को बताया कि एक युवती ने जुलाई 2023 में उन्हें व्हाट्सऐप मैसेज किया और ऑनलाइन रुपये कमाने के बारे में जानकारी दी। युवती ने अपना नाम सारा बताया और कुछ टास्क पूरा करने का लक्ष्य दिया। मैसेज में रेस्टोरेंट की रेटिंग और रिव्यू करने पर रुपये कमाने की बात कही गई। पहला टास्क पूरा करने पर महिला को 50 रुपये मिले, जो उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

अन्य दो टास्क पूरे करने पर भी ऐसा ही हुआ। इसके बाद महिला को टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ दिया गया। यहां एक कथित शिक्षक द्वारा निवेश कर मुनाफा कमाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। ग्रुप में कई अन्य सदस्य भी थे। इस दौरान महिला को एक ऐप भी डाउनलोड कराया गया। अंत में महिला को प्रीपेड टास्क पर मोटा मुनाफा कमाने की जानकारी दी गई। महिला ने जब शुरुआती चरण में दो हजार रुपये का निवेश किया तो ऐप पर उसकी मुनाफे समेत रकम दिखने लगी।

पांच हजार और निवेश करने पर भी ऐप पर उसे मुनाफे की रकम दिखी। ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में महिला ने कई बार में 97 हजार रुपये निवेश कर दिया। ऐप पर उसे एक लाख रुपये से ऊपर का मुनाफा दिखने लगा। महिला ने जब रुपये निकालने चाहे तो जालसाजों ने उस पर एक लाख 50 हजार रुपये और निवेश करने का दबाव बनाया। ऐसा करने से मना करने पर ठगों ने महिला से संपर्क तोड़ लिया। जिस नंबर में महिला को सारा नाम की युवती ने मैसेज किया था, वह भी बंद आने लगा। महिला को टेलीग्राम ग्रुप से भी बाहर कर दिया। महिला के अनुसार जिस ग्रुप पर उसे जोड़ा गया था, उस पर कई अन्य लोग पहले से जुड़े थे जो निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का स्क्रीनशॉट साझा कर रहे थे। महिला के पति की मौत हो चुकी है।

 

भारत और पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2024 में दो बार आमने-सामने हो सकते हैं। जानिए कैसे

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img