उत्तर प्रदेश, नोएडा: नोएडा प्राधिकरण की जमीन पर किया कब्जा

अजीत कुमार

उत्तर प्रदेश, नोएडा। नोएडा में भूमाफिया बेखौफ होकर प्राधिकरण जमीनों पर कब्जा किए जा रहे हैं। साथ ही प्राधिकरण के अफसरों से भी बदसलूकी कर रहे हैं। ऐसे में प्राधिकरण के अधिकारी आरोपियों के खिलाफ लगातार पुलिस से शिकायत कर रहे हैं। इसी तरह तरह के दो मामलों में नोएडा प्राधिकरण के अफसरों ने थाना सेक्टर-113 पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नोएडा प्राधिकरण के जेई यशपाल सिंह ने बताया कि सरफाबाद गांव में अथॉरिटी की जमीन अवैध निर्माण किया जा रहा है। यह कार्य मुकेश पुत्र प्रकाश द्वारा किया जा रहा है। प्राधिकरण की टीम ने कई बार अवैध निर्माण रुकवाने की भी कोशिश की। लेकिन इसके बाद भी आरोपी का निर्माण कार्य जारी है। काम रुकवाने पर आरोपी प्राधिकरण की टीम के साथ अभद्र व्यवहार भी करता है। जेई का आरोप है कि आरोपी के अवैध निर्माण करने की वजह से सेक्टर के नक्शा भी प्रभावित हो रहा है। जेई ने आरोपी के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

सगे भाइयों ने किया कब्जा
पुलिस को दी शिकायत में नोएडा प्राधिकरण के जेई विनीत शर्मा ने बताया कि ग्राम सोरहखा जाहिदाबाद गांव में अथॉरिटी की जमीन पर दो सगे भाई सलीम और जाकिर ने कब्जा किया हुआ है। आरोपियों द्वारा जमीन पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। प्राधिकरण की टीम ने कई बार अवैध निर्माण रुकवाने की कोशिश भी की। लेकिन आरोपियों ने काम नहीं रोका और उल्टा टीम के साथ बदसलूकी भी की।

पुलिस ने शुरू की जांच
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों ही मामलों में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img