उत्तर प्रदेश, नोएडा: कंपनीकर्मी पर 10 करोड़ से अधिक के गबन का आरोप

अमर सैनी

उत्तर प्रदेश, नोएडा। सेक्टर-62 स्थित कंपनी के कर्मचारी पर साथियों संग मिलकर 10 करोड़ 66 लाख से अधिक रुपये का गबन करने का आरोप है। कंपनी की वरिष्ठ प्रबंधक की शिकायत पर सेक्टर-58 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरती गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-62 एक्सेंचर सॉल्यूशंस में वरिष्ठ प्रबंधक हैं। कंपनी में वरिष्ठ विश्लेषक के पद पर कार्यरत नवीन कुमार ने कुछ वेंडर्स के साथ मिलकर फर्जी बिल तैयार किए और कंपनी से करोड़ों रुपये वसूल लिए। जांच में नवीन कुमार के साथ-साथ कर्नाटक निवासी ताताराव और इयानयतुल्ला, गुजरात के जयेश नायक और तेलंगाना के श्रीकांत के इस फर्जीवाड़े में शामिल होने की जानकारी मिली। ये सभी आरोपी कंपनी के उपभोक्ताओं के लिए बतौर वेंडर काम कर रहे थे। शिकायत के अनुसार एक्सेंचर सॉल्यूशंस कंपनी पिछले तीन दशकों से इंडस्ट्रियों को विभिन्न सेवाएं दे रही है। नवीन कुमार ने वर्ष 2022 में कंपनी में नियुक्ति प्राप्त की। नवंबर 2024 में खातों में कुछ अनियमितताओं के संकेत मिलने पर जब आंतरिक जांच शुरू हुई तो सामने आया कि अप्रैल 2022 से नवंबर 2024 के बीच फर्जी बिल तैयार कर गबन किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि नवीन कुमार ने अपनी हैसियत और पद का लाभ उठाते हुए वेंडर कंपनियों के नाम पर कुल 1389 फर्जी बिल तैयार किए। इनके माध्यम से 10 करोड़ 66 लाख रुपये संबंधित खातों में ट्रांसफर किए गए। जब कंपनी ने नवीन से इस विषय में जवाब मांगा, तो उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी रामबदन सिंह का कहना है कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img